Business

मध्यप्रदेश: 50 से अधिक ऑफबीट डेस्टिनेशन होंगे विकसित, 40 हजार महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण : प्रमुख सचिव श्री शुक्ला

भोपाल: मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए, राज्य सरकार ने भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर 50 से अधिक नए ऑफबीट डेस्टिनेशन विकसित करने की योजना बनाई है। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति, श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि इन प्रयासों का उद्देश्य प्रदेश में शांति की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए नई जगहों का निर्माण करना है। साथ ही, प्रदेश में 40 हजार से अधिक महिलाओं को पर्यटन क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हों और वे इस क्षेत्र में अपना योगदान दे सकें।

यह जानकारी श्री शुक्ला ने इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) के 39वें अधिवेशन के दूसरे दिन ‘रिसर्जेंट इंडिया इनबाउंड – चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल के बीच भारत को फिर से स्थापित करने की रणनीति’ विषय पर आयोजित व्यावसायिक सत्र में दी। इस सत्र में विशेष सचिव पर्यटन उत्तर प्रदेश सुश्री ईशा प्रिया, एबरक्रॉम्बी एंड केंट के एमडी विक्रम मधोक ने भी अपने विचार साझा किए। सत्र का संचालन भारत सरकार के सेवानिवृत्त सचिव श्री अरविंद सिंह ने किया।

**मध्यप्रदेश: सबसे स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यटन स्थल – श्री इलैयाराजा टी**

राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक, श्री इलैयाराजा टी ने अधिवेशन के तीसरे सत्र में ‘डिस्कवरिंग द अंडिस्कवर्ड’ विषय पर बोलते हुए बताया कि मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यटन स्थल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 90 से अधिक प्रॉपर्टी मध्यप्रदेश टूरिज्म कॉर्पोरेशन के तहत संचालित की जा रही हैं, जो पर्यटकों को बेहतरीन आतिथ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में इको टूरिज्म बोर्ड के साथ टाई-अप किया गया है, ताकि रिसॉर्ट्स और होटलों को सस्टेनेबल तरीके से निर्मित किया जा सके। अध्यात्मिक पर्यटन में उज्जैन के महाकाल लोक ने विशेष ख्याति प्राप्त की है, और पचमढ़ी में महिलाओं द्वारा संचालित होटल अमलतास सामुदायिक सहभागिता को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।

**मध्यप्रदेश पर विशेष सत्र और ट्रैवल मार्ट**

अधिवेशन के दौरान मध्यप्रदेश पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक सुश्री बिदिशा मुखर्जी ने मध्यप्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, प्राचीन इतिहास, और वन्यजीव विविधता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रदेश को महिला पर्यटकों, खासकर एकल महिला पर्यटकों के लिए अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से महिलाओं की सहभागिता बढ़ाई जा रही है।

ट्रैवल मार्ट में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों और प्रतिष्ठित ब्रांड्स ने अपने आकर्षक स्टॉल्स लगाए, जिनमें पर्यटन स्थलों के ब्रोशर, बुकलेट, और स्थानीय खानपान शामिल थे। अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और उत्तर प्रदेश सहित होटल प्राइड, पैलेस ऑन व्हील्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स ने भी भाग लिया।

**IATO रन फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म और समापन समारोह**

IATO सम्मेलन के आखिरी दिन रविवार को सुबह 6 बजे ‘IATO रन फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म’ का आयोजन किया जाएगा। इस 5 किलोमीटर की दौड़ का उद्देश्य भोपाल शहर के प्राकृतिक सौंदर्य और विरासतों से परिचय कराना है। यह दौड़ वीआईपी रोड से शुरू होकर गौहर महल पर समाप्त होगी।

सम्मेलन का समापन समारोह दोपहर 2:30 बजे होटल ताज में आयोजित होगा, जिसमें उप मुख्‍यमंत्री श्री राजेन्‍द्र शुक्‍ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में IATO के विभिन्न सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।

Related Articles