Entertainment

आल्प्स की बर्फीली पहाड़ियों में प्रियंका चोपड़ा का ग्लैमरस अंदाज, शेयर की दिलचस्प झलकियां

मुंबई। बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाली प्रियंका चोपड़ा जोनस ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने स्विस एडवेंचर की झलकियां साझा की हैं। इंस्टाग्राम स्टोरीज में प्रियंका ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह आल्प्स की बर्फ से ढकी पहाड़ियों में घूमती नजर आ रही हैं। वीडियो में प्रियंका ने लंबी जैकेट के साथ नीले रंग की बॉडी-हगिंग ड्रेस पहनी हुई है, जो उनके स्टाइलिश अंदाज को बखूबी दर्शाती है।

इस वीडियो के कैप्शन में प्रियंका ने लिखा, “क्रेन्स मोंटाना, आल्प्स, स्विट्जरलैंड में अपने बॉलीवुड सपने को जी रही हूं।” वीडियो में उन्होंने 1989 की लोकप्रिय फिल्म ‘चांदनी’ का हिट गाना “चांदनी ओ मेरी चांदनी” भी जोड़ा है, जिसमें श्रीदेवी और ऋषि कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे।

प्रियंका ने स्विस आल्प्स से अपने विज्ञापन शूट की कई तस्वीरें भी शेयर की हैं। पहली तस्वीर में वह नीले रंग की ड्रेस में नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में खिड़की के पास बैठकर बर्फीले नजारे का आनंद ले रही हैं। एक अन्य वीडियो में वह शूटिंग के दौरान बर्फीले तूफानों के बीच दिखाई दे रही हैं।

प्रियंका ने अपने अनुभव के बारे में लिखा, “स्विट्जरलैंड में मेरे कैंपेन शूट का एक छोटा सा बीटीएस (बिहाइंड द सीन)। असली बर्फीले तूफान में शूट किया, लेकिन हमने खूब मजा किया।”

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका ने हाल ही में फ्रैंक फ्लॉवर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘द ब्लफ’ की शूटिंग पूरी की है। इसके अलावा वह ‘सिटाडेल सीजन-2’ पर भी काम कर रही हैं। प्रियंका के प्रोडक्शन वेंचर ‘पानी’, जो पर्यावरण के मुद्दों पर आधारित एक मराठी फिल्म है, जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

कुछ महीने पहले प्रियंका भारत आई थीं और ‘पानी’ का ट्रेलर लॉन्च किया था। अभिनय करियर की शुरुआत उन्होंने तमिल फिल्म ‘तमिजान’ से की थी और बाद में बॉलीवुड में ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई’ से एंट्री की। फिल्म ‘अंदाज’ में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था, जिसमें वह अक्षय कुमार और लारा दत्ता के साथ नजर आई थीं।

प्रियंका, जिन्हें ‘देसी गर्ल’ के नाम से भी जाना जाता है, सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ खास पलों की झलकियां साझा करती रहती हैं।

Related Articles