रणबीर और नीतू कपूर ‘फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ के नए सीजन में आएंगे नजर

मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर और उनकी मां, दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर, जल्द ही नेटफ्लिक्स के पॉपुलर शो ‘फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ में दिखाई देंगे। इस शो के नए सीजन में रणबीर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी पहली बार अपने निजी जीवन को सार्वजनिक रूप से पेश करेंगी।

शो का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया, जिसमें दर्शाया गया है कि इस बार की प्रतिस्पर्धा मुंबई की ओरिजिनल बॉलीवुड वाइव्स और दिल्ली की तीन नई चेहरों—शालिनी पासी, कल्याणी साहा और रिद्धिमा कपूर साहनी के बीच होगी। ट्रेलर में मुंबई vs दिल्ली की एक दिलचस्प टक्कर दिखाई गई है, जिसमें रणबीर कपूर भी एक मजेदार अंदाज में अपनी बहन पर चुटकी लेते हुए नजर आते हैं। रणबीर ने ट्रेलर में कहा, “रिद्धिमा इस शो को पूरी तरह से गड़बड़ कर देगी।”

इस नए सीजन में दर्शकों को ढेर सारा ड्रामा, हंगामा और ग्लैमर देखने को मिलेगा, जब मुंबई की वाइव्स और दिल्ली की सोशलाइट्स के बीच जबरदस्त टकराव होगा। शो में रणबीर और नीतू कपूर के अलावा, नीलम कोठारी, महीप कपूर, भावना पांडे, और सीमा किरण सजदेह जैसे कलाकार अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी के नए पहलू साझा करेंगे। साथ ही, चंकी पांडे, समीर सोनी और संजय कपूर जैसे सितारे भी शो का हिस्सा होंगे।

ट्रेलर में एक भावुक सीन में नीतू और रिद्धिमा अपने दिवंगत पिता ऋषि कपूर के निधन के बाद की जिंदगी पर चर्चा करते हुए नजर आते हैं। नीतू कहती हैं, “पापा के जाने के बाद, रिद्धिमा, मैं कांपने लगी थी।” इसके जवाब में रिद्धिमा कहती हैं, “हम अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करते, लेकिन अंदर से हम अब भी दुखी हैं।”

‘फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ का यह नया सीजन 18 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा, जो रिद्धिमा कपूर साहनी के लिए एक खास मौका है।

Exit mobile version