
गुजरात, मेहसाणा | भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आई हैं। नौ महीने तक अंतरिक्ष में रहने के बाद स्पेसएक्स ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए उन्होंने फ्लोरिडा के तट पर सफल लैंडिंग की। उनकी चचेरी बहन फाल्गुनी पंड्या ने बताया कि जल्द ही सुनीता भारत का दौरा करेंगी और परिवार के साथ समय बिताएंगी।
गांव में खुशी का माहौल, भारत यात्रा की योजना
सुनीता विलियम्स के गुजरात स्थित गांव में उनकी वापसी की खुशी मनाई जा रही है। परिवार के सदस्य और गांव के लोग उनके भारत आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फाल्गुनी पंड्या ने कहा, “हम सुनीता की वापसी से बेहद खुश हैं। अब हम सभी साथ में समय बिताने और भारत यात्रा की योजना बना रहे हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भेजा संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनीता विलियम्स को पत्र लिखकर बधाई दी और कहा कि 1.4 अरब भारतीयों को उन पर गर्व है। उन्होंने लिखा, “आपकी दृढ़ता और साहस दुनिया के लिए प्रेरणा है।” मोदी ने यह भी बताया कि जब वे अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन से मिले थे, तब उन्होंने सुनीता विलियम्स की कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली थी।
ISS में फंस गए थे विलियम्स और विलमोर
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर ने 5 जून 2024 को बोइंग स्टारलाइनर के पहले मानव मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रा की थी।
यह मिशन कुछ दिनों का था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण स्टारलाइनर वापसी के लिए अनुपयुक्त हो गया।
नासा ने बाद में स्पेसएक्स-नासा क्रू-9 मिशन के जरिए दोनों को सुरक्षित पृथ्वी पर लाने का फैसला किया।
क्रू-10 टीम ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए प्रस्थान किया।