महाशिवरात्रि पर बागेश्वर धाम में भव्य सामूहिक विवाह, राष्ट्रपति सहित कई हस्तियां हुईं शामिल
छतरपुर | महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बागेश्वर धाम में 251 बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल हुईं और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों ने एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया।
बागेश्वर धाम बना जनकपुर, सामूहिक विवाह में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
धाम में 251 बेटियों का विवाह धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दूल्हों की बारात घोड़े पर निकलवाई। जाति-पांति और ऊंच-नीच से परे सर्वसमाज के लोग विवाह समारोह का हिस्सा बने।
ग्रेट खली ने युवाओं को खेलों के प्रति किया प्रेरित, ‘नशा छोड़ो’ का संदेश दिया
प्रसिद्ध रेसलर ग्रेट खली ने अपने शागिर्दों संग कुश्ती मुकाबला कर युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित किया। महिला पहलवानों रुचिका, दया कौर, तानिया समेत कई खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। खली ने कहा, “युवा नशा छोड़ें, खेलों से जुड़े, देश को सशक्त बनाएं।”
साध्वी ऋतंभरा का राष्ट्र चेतना पर प्रवचन, लाखों श्रद्धालु हुए शामिल
22 से 25 फरवरी तक बागेश्वर धाम में साध्वी ऋतंभरा के प्रवचन आयोजित हुए। उन्होंने कहा, “जब राष्ट्र का उत्थान होगा, तभी हिन्दू राष्ट्र की संकल्पना साकार होगी।” आयोजन में जगतगुरु स्वामी रामानंदाचार्य, अंतरराष्ट्रीय कथावाचक चिन्मयानंद बापू, राजराजेश्वरानंद महाराज (लंदन) सहित कई संत पहुंचे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भी लिया आशीर्वाद
सीएम विष्णुदेव साय ने बालाजी के दर्शन कर बागेश्वर धाम के कार्यक्रमों की सराहना की। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व अन्य नेता भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा, “यह पावन अवसर मेरे लिए सौभाग्यशाली है।”