भोपाल: 10 करोड़ के गबन में फरार बैंक मैनेजर अकोला से गिरफ्तार

भोपाल पुलिस ने मध्यप्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था के 10 करोड़ रुपये के गबन के मामले में फरार बैंक मैनेजर नोएल सिंह को अकोला, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी विशेष जांच टीम (SIT) की सतत निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर की गई।

घटना का संक्षिप्त विवरण

14 सितंबर 2024 को बीज प्रमाणीकरण अधिकारी सुखदेव प्रसाद अहिरवार ने कोतवाली थाना, भोपाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इमामी गेट शाखा में जमा संस्था की 10 करोड़ रुपये की एफडीआर राशि का गबन किया गया है। इस मामले में बी.डी. नामदेव और बैंक मैनेजर नोएल सिंह के खिलाफ धारा 318(4), 316(5), 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से ही आरोपी नोएल सिंह फरार था। SIT टीम ने छिंदवाड़ा, जबलपुर और मुंबई सहित कई स्थानों पर उसकी तलाश की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर अकोला, महाराष्ट्र में उसकी लोकेशन मिली। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम अकोला पहुंची और रीजनल कार्यालय, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से आरोपी को हिरासत में लेकर भोपाल ले आई।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी:

1. बृजेन्द्र दास नामदेव
2. दीपक पंथी
3. धनंजय गिरी
4. शैलेन्द्र प्रधान उर्फ आचार्य बाबा
5. राजेश शर्मा
6. पियूष शर्मा
7. वरुण कुमार चौधरी
8. किसलयराज चौधरी

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में SIT टीम ने सफलतापूर्वक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त शाहजहानाबाद अनिल वाजपेयी, निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक अमित भदौरिया, आरक्षक देवेंद्र सिहोलिया और जितेंद्र राजावत की अहम भूमिका रही।

Exit mobile version