बुधनी उपचुनाव: कांग्रेस ने विवेक त्रिपाठी को सौंपी अहम जिम्मेदारी

भोपाल – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। त्रिपाठी के संगठनात्मक कौशल, जमीनी अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

विवेक त्रिपाठी पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रबल समर्थक रहे हैं। छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत करते हुए, उन्होंने NSUI के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई और बाद में युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग की जिम्मेदारी संभाली। अब वे कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में पार्टी की विचारधारा का नेतृत्व कर रहे हैं। त्रिपाठी ने अटेर और आगर उपचुनावों में प्रभारी की भूमिका निभाई थी, जहां दोनों सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी।

इस नियुक्ति पर कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा, “विवेक त्रिपाठी के पास गहरा संगठनात्मक अनुभव है। हमें विश्वास है कि वे बुधनी उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए त्रिपाठी ने कहा, “मैं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगा। मेरा लक्ष्य कांग्रेस की नीतियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाना और भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना होगा।”

बुधनी उपचुनाव में कांग्रेस की रणनीति

बुधनी विधानसभा सीट भाजपा के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है, ऐसे में विवेक त्रिपाठी की नियुक्ति कांग्रेस की रणनीति को और धार देने का संकेत देती है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि त्रिपाठी का अनुभव पार्टी के लिए सकारात्मक परिणाम लाएगा।

#NSUI

Exit mobile version