State

जन अभियान परिषद में संविदा कर्मचारियों को मिलना चाहिए पदोन्नति और 3600/- ग्रेड पे का लाभ

भोपाल। सेमी गवर्नमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल बाजपेई ने जन अभियान परिषद में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के हित में बड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में जन अभियान परिषद के संविदा कर्मचारियों को भर्ती नियमों के तहत नियमित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों को क्रमोन्नति या पदोन्नति का लाभ नहीं दिया गया।

अनिल बाजपेई का कहना है कि भर्ती नियमों के अनुसार, नियमितीकरण के बाद कर्मचारियों को क्रमोन्नति और पदोन्नति दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया, जो कि नियमों के खिलाफ है। उन्होंने परिषद के प्रबंधन से मांग की है कि कर्मचारियों को उनकी नियमितीकरण की तिथि से क्रमोन्नति/पदोन्नति का लाभ देते हुए 3200 ग्रेड पे के स्थान पर 3600 ग्रेड पे प्रदान किया जाए।

इसके अलावा, बाजपेई ने जन अभियान परिषद के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के तहत एरियर्स का भी भुगतान करने की मांग की है। उनका कहना है कि निगम, मंडल, बोर्ड, परिषद और सहकारी संस्थाओं में कार्यरत सभी कर्मचारियों को नियमानुसार उनका हक मिलना चाहिए, ताकि वे अपने काम को और भी बेहतर तरीके से कर सकें।

Related Articles