भिंड में मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई जारी

दाऊजी स्वीट्स का गोदाम सील, कई प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूने

भिंड, 26 अक्टूबर: कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई और खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए।

दाऊजी स्वीट्स का गोदाम सील

लहार रोड स्थित दाऊजी स्वीट्स के कारखाने पर औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने के कारण प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। निरीक्षण में मावा, डोडा बर्फी, काजू कलश, मिल्क केक और घी के नमूने लिए गए। साथ ही, लगभग 8 किलोग्राम सड़े-गले पदार्थों को मौके पर ही नष्ट किया गया। साफ-सफाई में अनियमितता पाए जाने पर धारा 32 के तहत सुधार सूचना नोटिस भी जारी किया जाएगा।

अन्य प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र

1. भिंड:

संजय और सुरेश चौरसिया की डेयरी से मावा के नमूने लिए गए।

एम.जे.एस. कॉलेज के पास स्थित छैना विक्रेताओं, अरविंद और मुन्नेश छैना से नमूने लिए गए।

वाहन संख्या UP 75 M 1602 से दूध का नमूना लिया गया, जो मोहित शर्मा, ग्राम सकराया, अटेर से संबंधित था।


2. गोहद और गोरमी:

राजवीर डेयरी और करण सिंह डेयरी से मावा के नमूने लिए गए।

रामप्रकाश सिंह तोमर की डेयरी से मावा और घी के नमूने लिए गए।

रमेश सिंह तोमर की डेयरी, हनुमान नगर गोहद से मावा का नमूना लिया गया।

अग्रवाल मिष्ठान भंडार और आदर्श मिष्ठान भंडार से पनीर, मावा बर्फी, नमकीन सेब, बेसन लड्डू सहित अन्य मिठाइयों के नमूने एकत्र किए गए।

घरेलू सिलेंडरों पर भी कार्रवाई

संयुक्त दल में शामिल कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अजय आष्ठाना ने घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर भी कार्रवाई की। अभियान में तहसीलदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और आपूर्ति अधिकारी मौजूद रहे।

अभियान जारी रहेगा

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरी के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।


Exit mobile version