State

वन शहीद दिवस: वन कर्मचारियों ने शहीदों को किया नमन, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

भोपाल। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच ने वन शहीद दिवस के अवसर पर आज शहीद वन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर वन भवन, तुलसी नगर लिंक रोड नंबर 2, भोपाल में शहीद स्तंभ पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से सैकड़ों वन कर्मचारी शामिल हुए, जिनमें अशोक पांडे, राजू सिंह, घनश्याम कटारे, बृजलाल साहू, अरुण तिवारी, पुष्पेंद्र मिश्रा, और कई अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

वन शहीद दिवस पर शहीद वन कर्मचारियों के सम्मान में वन भवन प्रांगण में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान शहीद वन रक्षकों, जैसे स्व. रमेश कुमार मिश्रा, स्व. श्याम लाल मिश्रा, स्व. जीके चौबे, स्व. राजमणि द्विवेदी, और स्व. आनंद प्रताप सिंह के नाम से पौधे लगाए गए।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने बताया कि हर वर्ष 11 सितंबर को वन शहीद दिवस मनाया जाता है, जिसमें देशभर के वे वन कर्मचारी याद किए जाते हैं, जिन्होंने वनों, वन्य प्राणियों और पर्यावरण की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश के आधे सैकड़ा से अधिक वन कर्मचारियों ने वनों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। आज के कार्यक्रम में सभी वन कर्मचारियों ने वनों, वन्य प्राणियों और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।

वन शहीद दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने वन कर्मचारियों की निस्वार्थ सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धांजलि दी।

Related Articles