भोपाल के चार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिला नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेशन

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भोपाल ने मारी बाजी, 4 आरोग्य मंदिरों को राष्ट्रीय मान्यता

भोपाल: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए भोपाल के चार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) सर्टिफिकेशन मिला है। नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर (NHSRC) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, ईंटखेड़ी, सूरजपुरा, खजूरी सड़क और रायपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने उच्च स्कोर के साथ यह मान्यता प्राप्त की है।

कौन-कौन से आरोग्य मंदिर हुए सर्टिफाइड?

आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ईंटखेड़ी – 86.60%
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सूरजपुरा – 84.07%
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, खजूरी सड़क – 92.84%
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रायपुर – 85.82%

कैसे हुआ मूल्यांकन?

इन संस्थानों का फरवरी 2025 में विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इस दौरान:
मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं के प्रोटोकॉल की जांच हुई।  सामुदायिक चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं से फील्ड अनुभवों का फीडबैक लिया गया। स्टाफ की क्षमता और दक्षता का मूल्यांकन इंटरव्यू के जरिए किया गया।

किन मानकों पर परखा गया?

सर्टिफिकेशन के लिए 7 प्रमुख सर्विस पैकेजेस की चेकलिस्ट के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इनमें शामिल हैं:
गर्भावस्था एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल
बाल्यावस्था और किशोर स्वास्थ्य सेवाएं
परिवार कल्याण सेवाएं
संचारी और असंचारी रोगों का उपचार एवं प्रबंधन
नवजात देखभाल सेवाएं
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन

भोपाल के स्वास्थ्य सेवाओं में नई उपलब्धि

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि भोपाल जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार सशक्त किया जा रहा है। NQAS प्रमाणीकरण इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जा रहा है।

Exit mobile version