State

भोपाल में मिठाई और नमकीन दुकानों का निरीक्षण: 50 किलो मावा जब्त

भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग का कड़ा अभियान, 50 किलो मिलावटी मावा जब्त.

भोपाल। दीपावली के मद्देनज़र उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण मिठाई और नमकीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पुराना भोपाल, नर्मदापुरम रोड, शाहजहांनाबाद, बैरसिया, कोहेफिजा, जहांगीराबाद, करोंद और मिसरोद में 14 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और नमूने लिए गए।

50 किलो मावा जब्त, नमूने जांच के लिए भेजे गए

निरीक्षण में बैरसिया के सांची पार्लर और बेकरी से मावा और पनीर के नमूने लिए गए, साथ ही 50 किलो मावा को जब्त किया गया। अन्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों में शामिल हैं:

मिसरोद: कृष्णा स्वीट्स से मिल्क केक

कोहेफिजा: नेशनल डेयरी से पनीर और कीमा

शाहजहांनाबाद: राजू नमकीन से नमकीन

जहांगीराबाद: अग्रवाल डेयरी से पनीर और दही

नर्मदापुरम रोड: गणपति बीकानेर से मथुरा पेड़ा और बेसन बर्फी

पुराना भोपाल: सेंट्रल इंडिया डेयरी से घी और मावा


अन्य प्रतिष्ठानों जैसे राजस्थान स्वीट्स, स्टैण्डर्ड डेयरी, अशोक होटल और आर.के. नमकीन से भी विभिन्न मिठाई और नमकीन के नमूने लिए गए।

कार्रवाई की चेतावनी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेन्द्र कुमार वर्मा के निर्देशानुसार, सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच में अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles