भाई दूज पर जेल कर्मियों  को नहीं मिलेगा अवकाश

भोपाल: भाईदूज के त्यौहार को देखते हुए जेलों में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जेल मुख्यालय ने सभी जेल अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए हैं। यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है कि प्रदेश की किसी भी जेल में अप्रिय स्थिति न बने। मुलाकात के दौरान किसी भी प्रतिबंधित सामग्री के बंदियों या बैरकों तक पहुंचने से रोकने के लिए गहन तलाशी अभियान चलाने के आदेश भी दिए गए हैं।

28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक विशेष सतर्कता

आदेश में कहा गया है कि 28 अक्टूबर 2024 से 4 नवंबर 2024 तक रात में जेलों में जिम्मेदार अधिकारी स्वयं मौजूद रहें। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात प्रहरियों को पूरी तरह सजग रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जेल अधीक्षक और उप जेल अधीक्षक को नियमित अंतराल पर जेल का आकस्मिक निरीक्षण करने को कहा गया है।

अवकाश पर प्रतिबंध और आपात स्थिति के निर्देश

इस अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश पर नहीं भेजा जाएगा, और सभी को अपने मुख्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर संबंधित जेल अधीक्षक को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

नियंत्रण कक्ष से सतर्क निगरानी

जेल मुख्यालय ने सभी जेलों से नियमित रूप से स्थिति की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है, ताकि निगरानी और समन्वय बेहतर तरीके से किया जा सके।

भाईदूज के दौरान जेलों में अतिरिक्त सतर्कता और सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।

Exit mobile version