State

म.प्र. टूरिज्म बोर्ड को ‘इनलैंड वॉटर टूरिज्म एक्सलेंस अवॉर्ड 2024’ से सम्मानित

भोपाल। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘इनलैंड वॉटर टूरिज्म एक्सलेंस अवॉर्ड 2024’ से नवाजा गया है। यह सम्मान इंग्लैंड स्थित ट्रैवल मैगजीन ‘लक्सलाइफ’ के मरीन टूरिज्म अवार्ड्स 2024 के अंतर्गत दिया गया है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य दुनियाभर के उन मरीन टूरिज्म प्रोजेक्ट्स को मान्यता देना है, जो पर्यटकों को अद्वितीय और यादगार अनुभव प्रदान करते हैं।

मैगजीन ने म.प्र. टूरिज्म बोर्ड को यह सम्मान जल पर्यटन में नवाचार, पर्यटक अनुभव को समृद्ध बनाने, और राज्य की जल निकायों में अनूठी पर्यटन संरचनाओं के विकास के लिए प्रदान किया है। म.प्र. पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव और म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री शिव शेखर शुक्ला ने इस अवसर पर कहा, “यह पुरस्कार हमारे राज्य की प्राकृतिक संपदाओं और पर्यटन के क्षेत्र में किए गए सतत नवाचारों का प्रतीक है। मध्य प्रदेश में जल आधारित पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, और हम जल निकायों के संरक्षण व सतत् विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।”

जल पर्यटन में म.प्र. की उपलब्धियां

22 जल निकायों में 37 पर्यटन गतिविधियों का संचालन निजी भागीदारों के सहयोग से किया जा रहा है।

म.प्र. टूरिज्म बोर्ड द्वारा 16 बोट क्लब संचालित किए जा रहे हैं।

सैलानी आइलैंड में स्कूबा डाइविंग जैसी अनूठी गतिविधि का आयोजन हो रहा है।

6 क्रूज प्रोजेक्ट्स चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से ओंकारेश्वर से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (गुजरात) तक के रूट पर काम शुरू हो चुका है।

3 क्रूज प्रोजेक्ट्स के रूट के लिए हाइड्रोग्राफिक सर्वे पूरा हो गया है, जबकि अन्य तीन के लिए सर्वे प्रक्रिया जारी है।


श्री शुक्ला ने यह भी कहा कि यह पुरस्कार राज्य के प्रयासों को मान्यता देता है, जो प्रकृति, संस्कृति, और आतिथ्य के अद्वितीय अनुभवों के माध्यम से मध्य प्रदेश को प्रमुख अंतर्देशीय जल पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित कर रहा है।

Related Articles