मध्यप्रदेश का नवाचार ‘लोकपथ ऐप’ बना राष्ट्रीय पहचान, KBC में हुआ उल्लेख

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सड़कों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विकसित लोकपथ ऐप ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना ली है। हाल ही में इस ऐप का उल्लेख देश के प्रतिष्ठित टीवी शो “कौन बनेगा करोड़पति” (KBC) में हुआ। इस शो के होस्ट, प्रख्यात अभिनेता अमिताभ बच्चन ने लोकपथ ऐप से जुड़ा सवाल प्रतिभागी से पूछा। इस सवाल का सही जवाब देकर नरसिंहपुर जिले के रचित कुमार बेल्थरिया ने शो में सभी का ध्यान आकर्षित किया।

लोक निर्माण मंत्री ने जताया आभार

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मध्यप्रदेश के नवाचार को राष्ट्रीय मंच पर पहचान देने के लिए श्री अमिताभ बच्चन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतिभागी रचित कुमार को बधाई देते हुए कहा, “यह घटना मध्यप्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। मात्र छह माह में लोकपथ ऐप ने प्रदेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है।”

लोकपथ ऐप: लोक निर्माण से लोक कल्याण तक का सेतु

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि लोकपथ ऐप, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकार्पित, लोक निर्माण विभाग की एक अनूठी पहल है। इसका उद्देश्य प्रदेश की सड़कों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। नागरिक इस ऐप के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़कों की जानकारी सीधे विभाग को भेज सकते हैं, जिससे समस्याओं का समाधान शीघ्र हो रहा है।

लोकपथ ऐप की उपलब्धियां:

अब तक 4536 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

95% शिकायतों का समाधान 7 दिनों के भीतर किया गया।

सड़कों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

KBC में उल्लेख से बढ़ा विश्वास

लोक निर्माण मंत्री ने कहा, “लोकपथ ऐप लोक कल्याण और प्रौद्योगिकी के कुशल उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। KBC जैसे राष्ट्रीय मंच पर इसका उल्लेख साबित करता है कि प्रदेश की यह पहल पूरे देश में सराही जा रही है।”

मध्यप्रदेश की प्राथमिकता

सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश की सड़कें गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और टिकाऊ बनें। लोकपथ ऐप इस लक्ष्य को पूरा करने में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।

Exit mobile version