State

मेरी सहेली टीम: रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए रेलवे सुरक्षा बल की विशेष पहल

भोपाल: रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक नई पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य महिला यात्रियों को एक सुरक्षित और सहायक यात्रा अनुभव प्रदान करना है, जो रेसुब की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंडल रेल प्रबंधक, भोपाल, श्री देवाशीष त्रिपाठी और प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेसुब, पश्चिम मध्य रेलवे, श्री राजीव यादव के नेतृत्व में, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल भोपाल, श्री प्रशांत यादव के निर्देशन में रेसुब ने महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं।

भोपाल मंडल में रेसुब की “मेरी सहेली” टीम सक्रिय रूप से कार्यरत है। यह टीम अकेली यात्रा करने वाली महिला यात्रियों से संपर्क कर उनकी सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करती है। वर्ष 2024 में जुलाई माह तक, इस टीम ने कुल 8820 अकेली महिला यात्रियों को सुरक्षा और आवश्यक सहायता प्रदान की है।

रक्षाबंधन के मौके पर, 18 और 19 अगस्त 2024 को, भोपाल मंडल में रेसुब के आरक्षक और प्रधान आरक्षक महिला यात्रियों को राखी बंधवाकर उनकी सुरक्षा की गारंटी प्रदान करेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यह पहल महिला यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा रेसुब के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए की जा रही है।

Related Articles