दीपावली पर भोपाल को 22 नए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक की सौगात, मिलेगी निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पास ही

भोपाल: दीपावली के अवसर पर भोपाल में 22 नए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक शुरू होने जा रहे हैं, जिससे शहरी क्षेत्रों में निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं लोगों के घर के पास उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य विभाग ने इन नए क्लीनिकों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति पूरी कर ली है, और स्टाफ ने कार्यभार भी संभाल लिया है। सभी 22 क्लीनिक अक्टूबर माह के अंत तक सेवा में आ जाएंगे।

मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक योजना का उद्देश्य नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं घर के नजदीक उपलब्ध कराना है। इन क्लीनिकों की स्थापना में विधायकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर निगम और जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विधायकों ने उपयुक्त स्थलों का चयन किया, जबकि नगर निगम ने तेजी से निर्माण कार्य पूरे किए और जिला कलेक्टर ने मॉनिटरिंग की।

शुरू होंगी कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं

इन केंद्रों पर सर्दी-खांसी, बुखार, और अन्य सामान्य बीमारियों के अलावा प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, परिवार कल्याण, वृद्धजन और किशोर स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और संक्रामक रोगों की जांच के साथ 208 प्रकार की दवाएं और 80 पैथोलॉजी जांच निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मरीजों की सुविधा के लिए ऑन-कॉल स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि विशेषज्ञ उपचार की जरूरत को पूरा किया जा सके।

प्रशासन से तत्काल सेवा शुरू करने का आग्रह

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से अपील की है कि सेवा प्रदायगी तुरंत शुरू की जाए और धीरे-धीरे इनका औपचारिक उद्घाटन भी हो, ताकि जनता को इन सुविधाओं की पूरी जानकारी मिल सके।

भोपाल में संजीवनी क्लीनिक का सफर

भोपाल में पहला संजीवनी क्लीनिक 7 दिसंबर 2019 को वार्ड क्रमांक 46 के प्रियदर्शनी नगर में शुरू किया गया था। वर्तमान में भोपाल में 46 संजीवनी क्लीनिक सक्रिय हैं, जिनसे 2023-24 में 4.5 लाख से अधिक मरीजों को सेवाएं दी गईं। इस साल (2024-25) अब तक 2 लाख से ज्यादा लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि सभी 22 नए क्लीनिकों में स्टाफ की नियुक्ति पूरी हो चुकी है और जरूरी दवाएं एवं उपकरण उपलब्ध करवा दिए गए हैं। कुछ अन्य क्लीनिकों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिन्हें वर्ष के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा।

Exit mobile version