क्षेत्रीय रेल नाट्योत्सव का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन

**भोपाल**: महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल, शोभना बंदोपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में दिनांक 29 जुलाई 2024 को “क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव – 2024” का आयोजन रेल सौरभ अधिकारी क्लब, जबलपुर में संपन्न हुआ। इस आयोजन में पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों के साथ-साथ भोपाल और कोटा कारखानों की सांस्कृतिक अकादमी के नाट्य दलों के कुल 90 रंगकर्मी रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 06 नाटकों का मंचन किया गया।

इस प्रतियोगिता में वरिष्ठ रंगकर्मी श्री सादात भारती, श्री विवेक पाण्डेय, और श्री प्रज्ञेश निंबालकर (उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर) ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा, “नाटक साहित्य की एक महत्वपूर्ण विधा है। इसके माध्यम से कलाकार मानवीय मूल्यों, भावों तथा सामाजिक घटनाक्रमों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं। हमारे रेलकर्मी अपनी शासकीय एवं पारिवारिक जिम्मेदारी निभाते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों का भी बखूबी निर्वहन कर रहे हैं।”

इस अवसर पर तीनों मंडलों एवं दोनों कारखानों की टीमों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। श्रीमती बंदोपाध्याय ने प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले नाटकों को शील्ड एवं 13 विभिन्न विधाओं में व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले कलाकारों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त नाटक “परकाया” अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव में पश्चिम मध्य रेल का प्रतिनिधित्व करेगा। उन्होंने विजेता टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री रवि शंकर सक्सेना, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री अमरेन्द्र कुमार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं अध्यक्ष सांस्कृतिक अकादमी श्री प्रभात, सचिव एवं प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री प्रभात कुमार सहित अन्य विभागाध्यक्ष, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारीगण, अन्य अधिकारीगण, और राजभाषा विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश राव (उप सचिव, गोपनीय) और श्री राज रंजन श्रीवास्तव (राजभाषा अधिकारी) ने किया। श्री संतलाल मर्सकोले (राजभाषा अधिकारी) ने आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version