मंदसौर (मध्यप्रदेश) से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के पास स्थित आंतरी माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार तेज रफ्तार में एक बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक, जो कुएं में घुसी कार से लोगों को बचाने के लिए उतरा था, उसकी भी दम घुटने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम पहुंची। इसके अलावा मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और प्रशासन को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग आंतरी माता के दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे कार संतुलन खो बैठी और सीधा कुएं में गिर गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
मंदसौर हादसा: आंतरी माता दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार कुएं में गिरी, 6 लोगों की दर्दनाक मौत
