State

पन्ना पुलिस ने 21.50 लाख रुपए का गांजा किया जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

भोपाल/पन्ना: मध्य प्रदेश पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पन्ना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करों से 21 लाख 50 हजार रुपए का 1 क्विंटल 7 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले आठ महीनों में पन्ना पुलिस ने गांजा तस्करी के 31 मामले दर्ज कर 66 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और 1 करोड़ 50 लाख रुपए का 7 क्विंटल 45 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।

पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही

भोपाल पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत पन्ना के एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा ने जिले में मादक पदार्थों की खेती, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इसी अभियान के तहत 28 जून को थाना प्रभारी शाहनगर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुपना में बहेलियों के एक घर में भारी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर रखा गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपी निरजेश पिता क्रमताल बहेलिया (20 वर्ष), किरकन बहेलिया पिता राजकुमार बहेलिया (24 वर्ष) और एक विधि विरुद्ध बालिका भागने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। उनके घर की तलाशी में 3 प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा 21 लाख 50 हजार रुपए का 107 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में आरोपी रखरू पिता नुक्ति (25 वर्ष) और नजर बाई पति संहिसा (23 वर्ष) फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। थाना शाहनगर में अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

सराहनीय योगदान

इस संपूर्ण कार्यवाही में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पवई सौरभ रत्नाकर, थाना प्रभारी शाहनगर निरीक्षक रजनी शुक्ला, सायबर सेल प्रभारी उनि0 अनिल सिंह, थाना प्रभारी पवई सुयश पाण्डेय, थाना प्रभारी रैपुरा उनि0 मनोज यादव, थाना शाहनगर से उनि0 संतोष मशराम, सउनि0 अवधराज उईके, प्र0आर0 ईदुल बक्श, आर0 दिनेश, रविन्द्र, सायबर सेल टीम और अनुभाग पवई की टीम का सराहनीय योगदान रहा। इन्हें 30 हजार रुपए के इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

Related Articles