कुक्कुट विकास निगम के संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी, वेतन भत्तों को लेकर सरकार पर दबाव

भोपाल। मध्य प्रदेश कुक्कुट विकास निगम के संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। वे संविदा नीति 22 जुलाई 2023 के तहत वेतन भत्ते दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

संविदा नीति लागू न होने से नाराजगी

कुक्कुट विकास निगम के संचालक मंडल ने 22 जुलाई 2023 की संविदा नीति को लागू करने की सहमति दी थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक आदेश जारी नहीं किए गए।

संविदा कर्मचारियों ने 1 जनवरी 2025 से 7 जनवरी 2025 तक हड़ताल की थी, जिसके बाद निगम प्रशासन ने 7 दिनों में आदेश जारी करने का लिखित आश्वासन दिया था। लेकिन 3 महीने बीतने के बाद भी आदेश लागू नहीं किए गए, जिससे नाराज होकर कर्मचारी फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

सरकार और प्रशासन पर बढ़ता दबाव

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने भी संविदा नीति को लागू करने की सिफारिश दी थी। संविदा नीति की धारा 3.1 से 3.5 के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जा सकती थी, लेकिन निगम प्रशासन ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। संविदा कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुईं, तो हड़ताल को और उग्र किया जाएगा।


मौन धरना और प्रदर्शन जारी

राज्य पशु एवं कुक्कुट विकास निगम के मुख्यालय पर कर्मचारियों ने मौन धरना देकर विरोध दर्ज कराया।

प्रमुख प्रदर्शनकारी:
अंकित पाठक, अक्षय राजपूत, प्रणय सक्सेना, प्रदेश नंदनवार, प्रणव कल, दीपक शर्मा, प्रमोद, वैशाली पटेल, आस्था यादव, सावित्री, सिद्धांत गुप्ता, दीपक बलेचा, संजय सैनी, नारायण प्रताप, राम अवतार, राधे राधे गौर, श्याम सिंह, सविता, पंडित कन्हैया लाल सहित कई कर्मचारी आंदोलन में शामिल रहे।

संविदा कर्मचारी संघ ने दी चेतावनी

संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर ने कहा कि “अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। सरकार और कुक्कुट विकास निगम को जल्द से जल्द आदेश जारी करने होंगे।”

Exit mobile version