State

पश्चिम मध्य रेलवे में 5000 से अधिक पदों पर भर्ती, सेफ्टी कैटेगरी को मिलेगा बड़ा लाभ

भोपाल ।  पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) में जल्द ही सेफ्टी कैटेगरी सहित विभिन्न विभागों में 5000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। यह निर्णय वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) की महाप्रबंधक शोभना बंद्योपाध्याय की अध्यक्षता में हुई 2025 की पहली स्थायी वार्ता तंत्र बैठक में लिया गया।

रेलवे कर्मचारियों की परेशानियों पर चर्चा

बैठक में वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा ने प्रमुख मुद्दों को उठाया, जिसमें स्टाफ की कमी, रनिंग स्टाफ की परेशानियां और राउंड ट्रिप से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।

कर्मचारियों की भारी कमी के कारण रनिंग स्टाफ को पर्याप्त विश्राम और छुट्टी नहीं मिल पा रही है।

भोपाल मंडल में ट्रेन मैनेजर, लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को 72 घंटे से अधिक समय तक रनिंग रूम में रोकने के मुद्दे पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

टिकट चेकिंग, स्टेशन मास्टर और ट्रेन मैनेजर कैडर की समस्याओं पर भी गहन चर्चा हुई।

भोपाल कोच फैक्ट्री की पिट लाइन और ड्यूटी पर घायल कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर करने का आश्वासन दिया गया।


5000 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

महाप्रबंधक ने बैठक में आश्वासन दिया कि टीआरडी, सिग्नल, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग और रनिंग स्टाफ सहित 5000 से अधिक पदों को जल्द भरा जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के लिए विभागीय प्रस्ताव तैयार हो चुके हैं और जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी।

क्रू रिव्यू में 1000 से अधिक पदों का सृजन

क्रू रिव्यू की मांग पर भी सहमति बनी, जिसमें लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के 1000 से अधिक नए पदों का सृजन किया जाएगा। इससे मौजूदा कर्मचारियों पर कार्यभार कम होगा और रेलवे संचालन में सुधार आएगा।

बैठक में शामिल प्रमुख अधिकारी और प्रतिनिधि

इस बैठक में महामंत्री अशोक शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बी.एल. मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राजेश पांडेय, जोनल कोषाध्यक्ष कमलेश परिहार, संयुक्त महामंत्री आर.के. शर्मा, सहायक महामंत्री जे.ए. नियाजी, जोनल उपाध्यक्ष वीरेश तिवारी, उपमंडल सचिव रोमेश चौबे, मीडिया हेड आलोक त्रिपाठी और मुख्य शाखा भोपाल के सचिव अनिरुद्ध सोनी उपस्थित रहे।

Related Articles