State

मध्यप्रदेश में कर्मचारियों के सेवा अभिलेख होंगे तकनीकी सुविधा से संधारित

भोपाल: मध्यप्रदेश के साढ़े सात लाख कर्मचारियों के सेवा अभिलेख अब तकनीकी सुविधा के माध्यम से संधारित किए जाएंगे। इस संबंध में आयुक्त, कोष एवं लेखा विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि अभी तक कर्मचारियों के सेवा अभिलेख 40 साल पुरानी पद्धति से संधारित किए जाते थे, जिससे कई तरह की त्रुटियाँ उत्पन्न होती थीं। इन त्रुटियों के कारण कर्मचारियों को बार-बार वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे और उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से कर्मचारी सेवा अभिलेख को तकनीकी सुविधा के तहत संधारित करने की मांग कर रहे थे ताकि उनके अभिलेखों का रखरखाव बेहतर ढंग से हो सके और त्रुटियों की संभावना कम हो।

नए आदेश के तहत कर्मचारियों की जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, आधार नंबर, खाता नंबर, एम्प्लॉयी कोड एवं अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारी तकनीकी माध्यम से रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे सेवा अभिलेखों का रखरखाव सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इस कदम से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और उनके अभिलेखों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचा जा सकेगा।

मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच ने आयुक्त, कोष एवं लेखा विभाग के इस निर्णय का स्वागत किया है और आग्रह किया है कि इस व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके।

Related Articles