सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विशेष अभियान: मंत्री राकेश सिंह

**पेंचवर्क अभियान की सफलता की जांच के लिए अधीक्षण यंत्री और प्रबंधक करेंगे औचक निरीक्षण**

**भोपाल।** मध्यप्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए लोक निर्माण मंत्री **राकेश सिंह** के निर्देश पर 7 से 22 अगस्त तक प्रदेशभर में एक वृहद् पेंचवर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के सभी इंजीनियरों को सड़कों की मरम्मत और निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दौरान प्रदेशभर में सड़कों की स्थिति का आकलन कर मरम्मत कार्य तेजी से पूरा किया गया।

मरम्मत के बाद सड़कों का निरीक्षण कराने के लिए एक अनूठी व्यवस्था बनाई गई, जहां एक संभाग की सड़कों का निरीक्षण दूसरे संभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया। यह व्यवस्था पारदर्शिता और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी। निरीक्षण के बाद संबंधित कार्यपालन यंत्रियों ने सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए।

अब इस कार्य की सफलता का आकलन करने के लिए 9 से 15 सितंबर तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अधीक्षण यंत्री और संभागीय प्रबंधकों की टीम विभिन्न मण्डलों में जाकर औचक निरीक्षण करेगी। सड़कों की स्थिति और प्रमाण-पत्रों की सत्यता की जांच कर 18 सितंबर तक रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

**सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर**

अपर मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग **श्री के.सी. गुप्ता** ने इस विशेष अभियान के आदेश जारी किए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सड़कों की गुणवत्ता को सुनिश्चित करना और प्रदेश की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना है, ताकि आम जनता को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

**लोकपथ ऐप पर शिकायतों की विशेष मॉनिटरिंग**

मंत्री **श्री राकेश सिंह** ने **लोकपथ ऐप** पर प्राप्त शिकायतों की विशेष मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। अब तक ऐप पर 2762 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 2699 का समाधान हो चुका है, जबकि शेष शिकायतों का निराकरण प्रक्रिया में है।

मंत्री सिंह ने कहा, **”लोकपथ ऐप** का उद्देश्य नागरिकों को सड़कों से संबंधित समस्याओं की शिकायतें दर्ज कराने के लिए एक सरल और प्रभावी प्लेटफार्म प्रदान करना है। शिकायतों का समय पर निपटारा हमारी प्राथमिकता है, जिससे आम जनता की समस्याओं का समाधान हो सके।”

**सड़क निर्माण में डामर की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान**

मंत्री श्री सिंह ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले डामर की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और डामर सप्लाई के सभी देयकों का 100% सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version