न्यूयॉर्क । ब्रिटेन के यात्री मेक्सिको घूमने गया था, पर वहां उसने एक फल खा लिया। फल खाने के बाद यात्री का चेहरा इस तरह जल गया, जैसे वो आग में झुलस गया हो! मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बेडफोरशायर के रहने वाले 28 साल के कंस्ट्रक्शन वर्कर थॉमस हैरॉल्ड वॉटसन 60 से ज्यादा देश घूम चुके हैं।
वो जब नई जगहों पर घूमने जाते हैं, तो वहां की फेमस डिशेज, रोडसाइड व्यंजनों को भी जरूर खाते हैं। पर मेक्सिको में उनकी इसी आदत ने उन्हीं के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। वो 1 मई को मेक्सिको के कैपेचे शहर में थे। वो एक लोकल मार्केट में घूम रहे थे जब उनकी नजर एक ठेले वाले पर गई जो काजू का फल बेच रहा था। इसी के अंदर से काजू निकाला जाता है और प्रोसेस के बाद लोग उसे खा सकते हैं। थॉमस का कहना है कि उन्होंने सुना था कि इस फल को आसानी से खाया जा सकता है। बस उन्होंने सोचा कि वो एक बार उसे आजमाएंगे। उन्होंने कहा कि वो इस बात से वाकिफ थे कि फल को खाया जा सकता है, मगर उन्होंने कभी उसे ट्राय नहीं किया था। जब उन्होंने पहली बाइट ली, तो उन्हें दर्द महसूस हुआ।
उन्हें लगा कि वो उसे दांत से काटकर तोड़ लेंगे और अंदर से काजू निकालकर खा लेंगे। जैसे ही उन्होंने फल को दातों से काटा, उसका सैक फट गया, और उसका रस उनके मुंह के अंदर चला गया। उन्हें तुरंत ऐसा लगा जैसे उनके मुंह के आसपास और अंदर किसी ने जलता हुआ कोयला डाल दिया हो। जब अगले दिन वो सोकर उठे तो उनका चेहरा जल गया था। उन्होंने समझ आ गया कि फल में तेज एसिड होता होगा, जिससे उनका चेहरा जला। जब एसिड उनके होंठ पर गिरा, तो उन्हें लगा कि जैसे होंठ कटकर अलग हो चुका है। उनके हाथ का रंग भी उड़ गया था।