World

भारतीय नागरिकों का अमेरिका में अवैध प्रवेश के लिए उत्तरी बॉर्डर का रुख, कनाडा से बढ़ रही घुसपैठ

वॉशिंगटन। अमेरिका में प्रवेश के लिए अब भारतीय नागरिक उत्तरी सीमा की ओर बढ़ रहे हैं, जहां जोखिम भरे रास्तों से वे अमेरिका में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के कारण कई लोग अब कनाडा के रास्ते उत्तरी सीमा से प्रवेश की कोशिश कर रहे हैं, जहां सुरक्षा चुनौतियां और भी कठिन होती हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) के आंकड़ों में 2023 में अमेरिका-कनाडा सीमा पर भारतीय प्रवासियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सीबीपी ने 2023 में 97,000 अवैध घुसपैठ के मामलों की रिपोर्ट की, जो 2021 के 2,200 और 2022 के 30,000 मामलों की तुलना में बहुत अधिक है। सबसे खास बात यह है कि 2023 के पहले छह महीनों में उत्तरी सीमा पर 22,399 टकराव दर्ज किए गए, जो दक्षिणी सीमा के 11,053 मामलों से दोगुने से अधिक हैं।

आव्रजन विशेषज्ञ पवन ढींगरा का कहना है कि भारत से कई प्रवासी आर्थिक स्थिरता की तलाश में कनाडा के जरिए अमेरिका की यात्रा कर रहे हैं। हालांकि, इस जोखिम भरी यात्रा में प्रवासियों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है। कई बार तस्करों और बिचौलियों को हजारों डॉलर देने के बावजूद उन्हें अमेरिका में प्रवेश नहीं मिल पाता, और कुछ प्रवासियों को अपनी जान भी गंवानी पड़ती है।

विश्लेषकों का मानना है कि ये प्रवासी शरणार्थी नहीं हैं, बल्कि बेहतर जीवन की तलाश में अमेरिका आ रहे हैं। आव्रजन मामलों के जानकार चिश्ती के अनुसार, भारत में बेरोजगारी और शिक्षित युवाओं के बीच रोजगार की कमी उन्हें इस तरह के जोखिम भरे मार्ग अपनाने पर मजबूर कर रही है।

Related Articles